भाजपा कैराना मंडल कार्यकारिणी का सामूहिक इस्तीफा
कैराना (शामली)। भाजपा जिलाध्यक्ष पर मनमानी और पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी के आरोप लगाते हुए कैराना मंडल के 31 पदाधिकारियों ने अपने पदों से सामूहिक इस्तीफा दे दिया। सभी ने अपने इस्तीफे प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह को भेज दिए हैं।
बुधवार को नगर के मोहल्ला गुंबद स्थित भाजपा मंडल अध्यक्ष शक्ति सिंघल के आवास पर बीजेपी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर पर भाजपा के विभिन्न मोर्चों में बिना जांच पड़ताल के नए लोगों को पद देने तथा कार्यकर्ताओं की अनदेखी के आरोप लगाते हुए सामूहिक इस्तीफे दे दिए। मंडल अध्यक्ष शक्ति सिंघल ने बताया कि जिले में भाजपा को हराने की एक सोची समझी साजिश रची जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जिलाध्यक्ष पूरे जिले में तथा खासकर कैराना के कार्यकर्ताओं को उपेक्षित कर रहे हैं। आरोप लगाया कि खनन माफिया को पार्टी पदाधिकारी बना दिया है, जिससे पार्टी की छवि धूमिल हो रही है।
उन्होंने जिलाध्यक्ष पर लालच में नए लोगों को पद देने के भी आरोप लगाए। इस प्रकार की कार्यशैली वाले जिलाध्यक्ष के साथ वे कोई भी कार्य नहीं करेंगे। वह अपने पदों से इस्तीफा दे रहे हैं और पार्टी में रहकर सेवा करते रहेंगे। कैराना मंडल के सभी भाजपा पार्टी के पदाधिकारी, मोर्चों, प्रकोष्ठों, संगठन व सेक्टर के 31 पदाधिकारियों ने प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह को हस्ताक्षर युक्त अपने सामूहिक त्यागपत्र भेज दिए हैं। इस मौके पर अवधेश मित्तल, गोविंद सिंह, शिवकुमार रोड, अबरार अहमद, रोहतास सैनी, प्रदीप वर्मा, मोहनलाल आर्य, शगुन मित्तल, अजय कंसल, राकेश गोयल, उदय सिंह रोड मौजूद रहे।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की जिला कार्यकारिणी की थी निरस्त
करीब चार दिन पहले जिलाध्यक्ष ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की नई कार्यकारिणी का गठन कर सूची जारी की थी। सूची जारी होने के बाद पुराने अल्पसंख्यक कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने के आरोप लगे थे। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री मुंशाद अली चौहान ने अपराधियों को पदाधिकारी बनाने का आरोप लगाते हुए फेसबुक पेज पर सूची को निरस्त करने की मांग की थी, जिसके बाद देर रात तक जिलाध्यक्ष ने अपने फेसबुक पेज पर तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए सूची को निरस्त करने की जानकारी दी थी। इसके अलावा झिंझाना में भी कई कार्यकर्ताओं ने भी नवनियुक्त पदाधिकारी पर भ्रष्टाचार को आरोप लगाते हुए सामूहिक इस्तीफे का एलान कर दिया था।
वर्जन
- मुझसे किसी पार्टी कार्यकर्ता ने इस संबंध में कोई बात नहीं की है। मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। इस संबंध में पदाधिकारियों से बात की जाएगी। उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। - सतेंद्र तोमर, जिलाध्यक्ष भाजपा