मतगणना में दो गज की दूरी का होगा पालन
शामली। रविवार को होने वाली पंचायत चुनाव की मतगणना के लिए प्रत्याशियों एवं मतगणना एजेंटों की थर्मल स्क्रीनिंग और एंटीजन टेस्ट होने के बाद प्रवेश दिया जाएगा। उधर, शाम को वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने पंचायत चुनाव की मतगणना की तैयारियों की समीक्षा के बाद कहा कि मतगणना स्थल पर एक टेबल और दूसरी टेबल के बीच की दूरी कम से कम दो गज होनी चाहिए। प्रत्याशी के विजयी जुलूस पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने बताया कि डीएम शामली जांच हेतु मांगी गई किट मंडल मुख्यालय के स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध करा दी गई थी।
शनिवार की शाम को ब्लाक मुख्यालयों पर मतगणना स्थलों पर तैयारियों का जायजा आरओ, एआरओ ने लिया। शाम को डीएम जसजीत कौर, एसपी सुकीर्ति माधव, सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने शामली ब्लाक के माजरा रोड स्थित होशियार सिंह इंटर कॉलेज में मतगणना स्थल का जायजा लिया। शामली ब्लाक के आरओ व जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि मतगणना स्थल पर सुबह सात बजे तक मतगणना कार्मिक पहुंच जाएंगे। आठ बजे मतगणना प्रारंभ हो जाएगी।
शामली ब्लाक में टेबल घटाई
शामली बीडीओ जितेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि शामली ब्लाक के पंचायत चुनाव की गणना के दौरान सोशल डिस्टेंस निर्धारित करते हुए 23 टेबल के स्थान पर 14 टेबलों पर मतगणना होगी। प्रथम राउंड में 14 ग्राम पंचायत, दूसरे राउंड में 14, और तीसरे राउंड में छह ग्राम पंचायत की मतगणना होगी।