शामली। शहर के एक कालेज की छात्रा ने दो छात्रों पर छेड़खानी कर परेशान करने का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्रा ने सीओ सिटी से मिलकर आरोपी छात्रों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
बृहस्पतिवार को छात्रा ने सीओ सिटी श्रेष्ठता ठाकुर से उनके कार्यालय में पहुंचकर बताया कि वह शहर के एक कालेज से ग्रेजुएशन कर रही है। छात्रा ने शिकायत की कि कालेज के सीनियर क्लास के दो छात्र पिछले कुछ समय से उसके साथ छेड़खानी करते हैं। इस मामले की पुलिस से ऑनलाइन शिकायत की थी। कोतवाली पुलिस ने उस समय आरोपी छात्रों के साथ समझौता करा दिया था। इसके बाद भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। आरोपी छात्र अपने को किसी हिंदू संगठन का सदस्य बताकर उसे धमकी देते हैं।
सीओ सिटी ने बताया कि इस प्रकरण की गंभीरता से जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में दोनों पक्षों के परिजनों को भी बुलवाया गया है। उधर, कालेज के प्राचार्य का कहना है कि एक सप्ताह पहले यह मामला उनके सामने आया था। छात्रा ने उन्हें कोई शिकायत नहीं की। छात्रा ने पुलिस से ऑनलाइन शिकायत की थी। उस समय पुलिस ने कालेज में पहुंचकर जानकारी ली थी।