शामली में शहर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। दोनों बदमाशों के कब्जे से बाइक, दो तमंचे, कारतूस और चोरी का सामान बरामद हुआ है। पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर रही है।
बुधवार तड़के कोतवाली पुलिस ने सूचना के आधार पर कुडाना मार्ग बाईपास पर चेकिंग के दौरान बाइक पर आ रहे दो लोगों को रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार पुलिस टीम को देखकर भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।