कांधला। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे गांव खंद्रावली पुलिस चौकी के निकट कार की टक्कर लगने के बाद अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत गई, जबकि कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
शु्क्रवार को कांधला थानाक्षेत्र के गांव जसाला निवासी ईश्वर सिंह (35) ट्रैक्टर से शामली गए थे और रात करीब दस बजे वहां से वापस लौट रहे थे। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गांव खंदरावली के निकट कार व ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। टक्कर लगने पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया,जिसकी चपेट में आकर ईश्वर की मौत हो गई। इस हादसे में कार सवार सौरव व राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों घायलों को निजी चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया। मृतक के भाई सेठपाल की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।