कांधला। बेसिक शिक्षा विभाग का भभीसा गांव स्थित बीआरसी कार्यालय पर तीन दिवसीय शारदा कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष प्रशिक्षण शुरू किया गया। शुभारंभ एबीएसए डॉ. बिजेंद्र बालियान ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
उन्होंने बताया कि ड्रॉप आउट बच्चों का सर्वप्रथम चिन्हांकन कर उनको विद्यालय में प्रवेश दिलाकर रुचिपूर्ण तरीके से सिखाना हमारा सबसे पहला कर्तव्य है। सभी को प्रोत्साहित करते हुए अध्यापकों के समक्ष आ रही वास्तविक कठिनाइयों के निराकरण पर भी चर्चा की। प्रशिक्षण में नामांकन के पश्चात बच्चों का ठहराव, उनकी नियमित उपस्थिति, कक्षा में विभिन्न रुचिपूर्ण माध्यम से शिक्षण, बालकों की सकारात्मक प्रतिपुष्टि, अध्यापक व्यवहार, हिंदी व गणित को सीखने के क्रम आदि महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। मुख्य प्रशिक्षक गीता पंवार व अजय पंवार ने प्रशिक्षण दिया। सहयोगी प्रशिक्षक के रूप में अजय मलिक, तरुण मलिक, प्रीति चौधरी व प्रवेंद्र चौधरी रहे।