जलालाबाद। क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी अनुसूचित जाति की महिला विमला पत्नी रूपसिंह ने थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर अपनी तीन बीघा कृषि भूमि पर धोखाधड़ी से बैनामा कराने और फसल नष्ट किए जाने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार, दिल्ली–यमुनोत्री हाईवे स्थित दभेड़ी टोल प्लाजा के निकट सरकार द्वारा उन्हें पट्टे पर भूमि आवंटित की गई थी, जो तत्कालीन ग्राम प्रधान के प्रयासों से संभव हुआ। विमला ने आरोप लगाया कि 13 अक्टूबर 2014 को कस्बे के कुछ लोग उसे जमीन को आबादी में दर्ज कराने के बहाने शामली तहसील ले गए, जहां धोखे से उक्त भूमि का बैनामा बेहट विधायक उमर अली खान व अन्य के नाम करा लिया गया। यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है और जिलाधिकारी स्तर पर भी इसकी जांच चल रही है।
विमला ने तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह जब वह अपने खेत पर पहुंची तो देखा कि पड़ोसी द्वारा खेत में खड़ी फसल पर नष्ट कर दिया गया। आरोप है कि व्यक्ति पहले भी जमीन पर कब्जा करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे चुका है। इस संबंध में व्यक्ति ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस ने मामले की जांच कराने की बात कही है।