बाबरी चंदन के बाग में भाकियू के धरने पर बोलते प्रवक्त्ता राकेश टिकैत।
- फोटो : SHAMLI
समस्याओं का समाधान होने तक जारी रहेगा धरना
बाबरी। पानीपत-खटीमा मार्ग पर चंदपुरा बाग के निकट चल रहे किसानों के बेमियादी धरना और पंचायत में पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि हाईवे के अफसर जब तक किसानों के मुआवजे का समाधान नहीं करते हैं, तब तक किसी किसान की फसल, पेड़, भूमि नहीं छेड़ी जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान न होने तक धरना जारी रखा जाएगा।
बुधवार को पंचायत में पहुंचे भाकियू भाकियू प्रवक्ता ने किसानों की हर स्तर पर लड़ाई लड़ने की घोषणा की। इस दौरान मुजफ्फरनगर भाकियू के जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान व शामली जिलाध्यक्ष कपिल ख़ाटियान ने दोनों जिलों के जिला गन्ना अधिकारियों को बुलाकर गन्ना भुगतान की जानकारी ली। मुजफ्फरनगर जिले में 75.11 प्रतिशत भुगतान किया गया है। शामली जिले में 650 करोड़ रुपया बकाया बताया गया है। दोनों डीसीओ ने मिलों पर दबाव बनाकर बकाया गन्ना भुगतान करने का आश्वासन दिया। पंचायत में किसानों ने भूमि अधिग्रहण व समान मुआवजे व भवन स्कूल, दुकानों का मुआवजा आबादी के हिसाब से मिलने की मांग की।
पंचायत में सक्षम अधिकारियों के न पहुंचने के कारण किसानों की समस्या का हल नहीं निकल सका है। प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि दो-चार दिन में प्रशासन किसानों की समस्या को हल करे नहीं तो भाकियू फैसला खुद करने में सक्षम है। भाकियू कार्यकर्ताओं ने बाग में ही भट्ठी चलाकर कार्यकर्ताओं को भोजन कराया। पंचायत की अध्यक्षता प्रभु सिंह व संचालन योगेश शर्मा ने किया। इस मौके पर इस दौरान सीओ थानाभवन अमित सक्सेना, आदर्श मंडी थानाध्यक्ष संदीप बालियान, थानाध्यक्ष बाबरी नेमचंद सिंह, थानाध्यक्ष तितावी कपिल देव मय फोर्स के मौजूद रहे। भाकियू के मंडल महासचिव नवीन राठी,व भवर सिंह , भाकियू के राष्ट्रीय मीडिया प्रभरी धर्मेंद्र मलिक, जिला संगठन मंत्री विपुल निर्वाल सहित सैकड़ों की संख्या में किसान मौजूद रहे।