दुकान बिकाऊ है, कारण पुलिस उत्पीड़न
शामली। शिव चौक के निकट दुकान बिकाऊ है, कारण पुलिस उत्पीड़न के पोस्टर से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। व्यापारियों ने यातायात पुलिस के एक दरोगा पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए पोस्टर एवं तख्ती लगा दी। पुलिस एवं यातायात अधिकारियों नेे व्यापारियों को बेवजह परेशान न करने का आश्वासन देकर पोस्टर हटवाए।
शुक्रवार को शहर में शिव चौक के निकट मुख्य मार्ग पर 10-12 दुकानों पर दुकान बिकाऊ है, कारण पुलिस उत्पीड़न लिखे हुए पोस्टर लगा दिए। पोस्टर लगाने वाले व्यापारी अरुण कुमार, नीरज शर्मा, लोकेश कुमार, बिजेंद्र और सोनू आदि ने बताया कि यातायात पुलिस का एक दरोगा तीन दिन से लगातार परेशान कर रहा है। वह अतिक्रमण हटाने के नाम पर उनके साथ गाली गलौज व अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता है। बेवजह दुकान के चालान कर रहा है, जबकि उन्होंने अपना सामान सड़क से पीछे रखा हुआ है।
शुक्रवार को भी दरोगा ने आकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया और नीरज की दुकान पर रखे कांच के गिलास तोड़ दिए। व्यापारियों का कहना है कि वे अतिक्रमण के पक्ष में नहीं है, लेकिन उनकी मांग है कि पुलिस बिना किसी भेदभाव के सभी दुकानों के बाहर से अतिक्रमण हटवाए। वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करने को तैयार हैं, लेकिन जिस तरह से पिछले तीन दिन से उन्हें ही परेशान किया जा रहा है, उस स्थिति में वह अपना कारोबार नहीं कर पाएंगे।
पोस्टर लगाने की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने पर भाजपा नेता मानस संगल ने सीओ यातायात प्रदीप सिंह को अवगत कराया। अधिकारियों के निर्देश पर यातायात प्रभारी भंवर सिंह और कोतवाली प्रभारी पीके त्यागी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझाया और उन्हें बेवजह उन्हें परेशान नहीं करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद व्यापारियों ने पोस्टर हटा दिए।
यातायात प्रभारी भंवर सिंह ने बताया कि इस मामले से सीओ यातायात को अवगत करा दिया गया है।