दिल्ली की सराफा मार्केट से ज्वेलरी खरीदकर लौट रहे सराफा व्यापारी से बदमाशों ने बस में नशीला पदार्थ सुंघाकर 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर व मोबाइल लूट लिया। अर्द्ध बेहोशी की हालत में व्यापारी पानीपत सदर थाने पहुंचा। इसके बाद पानीपत पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी।
शामली के कैराना में मोहल्ला सरावज्ञान निवासी लोकेश वर्मा की नगर के सर्राफा बाजार में ज्वेलरी की दुकान है। वह बुधवार को दिल्ली की कूचा महाजनी मार्केट में सोने-चांदी का सामान खरीदने गया था। उसने रात करीब आठ बजे भाई दीपक वर्मा को फोन करके दिल्ली से लौटने की जानकारी दी। करीब एक घंटे बाद दीपक वर्मा ने अपने व्यापारी भाई की फोन करके लोकेशन लेनी चाही परंतु मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके चलते परिजन रात भर परेशान रहे। उन्होंने सुबह में कोतवाली पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद कोतवाली प्रभारी ने सर्विलांस की मदद से जानकारी की तो व्यापारी लोकेश वर्मा का रात 8:04 मिनट पर दिल्ली लाल किला बस स्टैंड के बीच मोबाइल बंद होने की जानकारी मिली।
इसके बाद कोतवाली प्रभारी ने दिल्ली चांदनी चौक के एसएचओ से बात की तो उन्होंने व्यापारी के उनके यहां होने से इनकार किया। उसकी तलाश में परिजन गुरुवार दोपहर दिल्ली के लिए चले। बीच रास्ते में पानीपत सदर थाने के एसएचओ का फोन आया। उन्होंने लोकेश वर्मा के पानीपत सदर थाने में होने की जानकारी दी।