शामली। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में करीब तीस लाख के घोटाले की आशंका है। दाढ़ीनगर गांव के पात्र किसान के बजाय जहां किसी अन्य के खाते में सब्सिडी भेज दी गई, वहीं 11 अन्य किसानों को ओबीसी के बजाए एससी वर्ग का दर्शा दिया।
उनके खाते में जो रुपये आए थे, वह खुद को डीलर बताने वाले कर्मचारी ने किसी संस्था के नाम ट्रांसफर कर लिए। जिला उद्यान विभाग के अधिकारियों ने भी आलाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी है। एसडीएम शामली भी मामले की जांच कर रहे हैं।
शिकायत हुई तो जांच में यह हुआ खुलासा : जिला उद्यान अधिकारी और विभागीय कर्मचारियों ने गांव में जांच की। उन्होंने किसानों से उनकी जमीन और जाति के बारे में पूछा। किसानों के अनुसार, जब उन्होंने अपनी जाति (ओबीसी) बताई, तो अधिकारियों ने कहा कि सरकारी दस्तावेजों में उनकी जाति एससी दर्शाई गई है और उनकी जमीन का क्षेत्रफल भी गलत दर्ज किया गया है। एक खाते में गलत तरीके से रुपये जमा मिले जबकि अन्य के खातों में आए रुपयों को अन्य के यहां ट्रांसफर किया था। संवाद