शामली में स्टेट बैंक पर नोट जमा करने के लिए लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में शहर के बैंकों के बाहर शनिवार को सुबह से ही भारी भीड़ रही। वेतनभोगी और पेंशनभोगी भी पिछले दो दिनों से रोज लाइन में लग रहे हैं, लेकिन उन्हें कैश नहीं मिला। कई बैंकों में दोपहर में ही कैश समाप्त होने पर हंगामा शुरू हो गया। पेंशनभोगी शिक्षकों ने डीएम से मामले की शिकायत की है।
दो दिन से कर्मचारियों का वेतन और पेंशनभोगियों की पेंशन उनके खातों में पड़ी है। लेकिन उनकी जेब खाली है। घर के खर्च के लिए बुजुर्ग पेंशनभोगी भी सुबह ही लाइन में लगकर सड़कों पर बैठे देखे जा रहे हैं। इसके बाद भी उन्हें कैश नहीं मिल रहा है। उत्तर प्रदेश सेवा निवृत्त प्राथमिक शिक्षक कल्याण बोर्ड के तत्वावधान में पेंशनभोगियों ने डीएम सुजीत कुमार को शिकायत करते हुए बताया कि आरबीआई व केंद्र सरकार ने सभी बैंकों को आदेश दिया था कि सभी पेंशनरों को बैंक कर्मचारी व पुलिस किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत कैश देने में न करे। लेकिन फिर भी सभी वरिष्ठ नागरिक परेशानी झेल रहा है।
वहीं खेड़ीकरमू पीएनबी पर भी दोपहर में ही कैश समाप्त होने पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मंडी स्थित सेंट्रल बैंक में भी हंगामे की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर लोगों को शांत कराया। एक्सिस बैंक, एसबीआई के एटीएम पर लोगों की भारी भीड़ रही। जिसके कारण दो घंटे में ही कैश समाप्त हो गया।
कार्पोरेशन बैंक में भी एक बजे कैश समाप्त होने के बाद लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। शहर के एसबीआई, पीनएबी के बाहर शाम चार बजे तक भारी भीड़ रही। जिसके कारण आसपास के गांव के बुुजुर्ग वरिष्ठ नागरिक, पेंशनभोगियों को बिना कैश के ही वापस लौटना पड़ रहा है। तो कुछ बैंकों में उन्हें उनके खर्च के अनुसार कैश नहीं मिल सका।