बरनावी में वन विभाग की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने पहुंची टीम।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कैराना में वन विभाग के अधिकारियों ने तहसील अधिकारी और पुलिस बल को साथ लेकर ग्राम बरनावी के जंगल में वन विभाग की 50 बीघा जमीन को कब्जा मुक्त कराया। विभाग ने जमीन पर बोई गई गेहूं की फसल को नष्ट कर दिया। जमीन की पैमाइश करा कर उसकी निशानदेही कराई गई। इससे पूर्व वन विभाग के अधिकरियों ने भूमाफिया अलादीन निवासी बरनावी सहित 20 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया।
शनिवार को वन रेंजर राकेश कुमार बालियान के नेतृत्व में वन विभाग की टीम कैराना पहुंची। यहां से वन अधिकारियों की टीमें तहसीलदार अभय राज पांडेय, नायब तहसीलदार, कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया, पुलिस और पीएसी को साथ लेकर गांव बरनावी पहुंची। पिछले कई माह से बरनावी में भूमाफिया ने वन विभाग की लगभग 50 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा कर गेहूं की फसल बो रखी थी।
वन विभाग की टीम ने इस जमीन पर भूमाफिया बोई गई गेहूं की फसल को जेसीबी मशीन से नष्ट करा दिया। अधिकारियों ने जमीन की पैमाइश करा उसे कब्जा मुक्त करा दिया। तहसीलदार अभय राज पांडेय ने बताया कि पूर्व में वन विभाग के अधिकारियों ने बरनावी के पूर्व प्रधान अलादीन सहित 20 लोगों के विरुद्ध अवैध कब्जा करने के आरोप में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। शनिवार को वन विभाग की जमीन पर बोई गई गेहूं की फसल को नष्ट करते हुए जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया गया है।