कांधला क्षेत्र के गांव गढ़ीश्याम में स्कूल जाती छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कांधला की छात्रा सोनी हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन की नींद टूटी। मंगलवार को कॉलेज गेट के साथ ही गांव के मुख्य मार्ग पर पुलिस तैनात रही। सुरक्षा व्यवस्था माकूल होने पर ही गढ़ी श्याम की छात्राएं कॉलेज गईं।
गांव गढ़ीश्याम निवासी छात्रा सोनी की हत्या के बाद छात्राओं ने कॉलेज जाना बंद कर दिया था। अभिभावकों और कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं की सुरक्षा का इंतजाम कराने की मांग की थी। वहीं, सोमवार शाम आंवला से भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप भी भाजपा नेताओं के साथ गांव गढ़ी श्याम पहुंचे थे, तो उनसे भी ग्रामीणों ने छात्राओं को सुरक्षा दिलाने की मांग रखी थी। इस पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर छात्राओं की सुरक्षा में पुलिस तैनात करने के लिए कहा था। इसी के चलते मंगलवार को गांव श्यामगढ़ी के साथ ही खेड़ा कुरतान, गढ़ी रख्खा, गढ़ी राढा, गढ़ी दौलत के रास्ते के साथ ही गंगेरू स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज गेट पर भी पुलिस तैनात रही।
गांव श्यामगढ़ी से पुलिस सुरक्षा के बीच ग्रामीणों ने छात्राओं को कॉलेज भेजा। अधिकतर छात्राएं गांव से पैदल ही कॉलेज में पहुंची। वहीं, थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने गंगेरू चौकी इंचार्ज मेजर सिंह विर्क के साथ गांव में पहुंचकर अभिभावकों को छात्राओं की पूर्ण सुरक्षा देने का आश्वासन दिया। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि छात्राओं को कॉलेज भेजो, किसी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। पुलिस सुरक्षा किए जाने पर छात्राओं के अभिभावकों और कॉलेज प्रशासन ने भी राहत महसूस की।
ग
अभिभावकों ने प्रशासन के निर्णय को सराहा
कांधला। पुलिस सुरक्षा दिए जाने के बाद भी कुछ अभिभावक ने अपनी बेटियों को अपने साथ कॉलेज लेकर पहुंचे। अभिभावक नरेश, इसम और दिनेश का कहना था कि पुलिस प्रशासन ने छात्राओं की सुरक्षा के लिए सभी रास्तों पर पुलिस तैनात कर दी है, जो सराहनीय कदम है। अभी छात्राओं के विश्वास को लौटने में कुछ समय लग सकता है। इसलिए हमें बेटियों को स्वयं कॉलेज पहुंचाना पड़ रहा है।