शामली। शहर के मुख्यमार्गों और बाजारों से अतिक्रमण हटवाने को लेकर नगर पालिका ने तैयारियां प्रारंभ कर दी है। मंगलवार सुबह ही चेयरमैन के पति और पालिका के अधिकारियों और वार्ड सभासदों ने बाजार में घूमकर एक बार फिर सामान हटाने का आग्रह किया है। बुधवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान प्रारंभ होगा।
शहर के सभी बाजारों के साथ ही मुख्य बाजारों में पर दुकानदारों और फल विक्रेताओं का सड़क पर जबरदस्त अतिक्रमण है। इस कारण बाजार और मेन रोड पर जाम की स्थिति बनी रहती है। कई दिन से नगर पालिका चेयरमैन पति राजेश्वर बंसल व नगर पालिका अधिकारी बाजारों में घूमकर दुकानदारों से बाहर सड़क पर रखे सामान को हटाने का निवदेन कर रहे हैं। वहीं, मंगलवार को भी सुबह 10 बजे ही नगर पालिका चेयरमैन के पति राजेश्वर बंसल व नगर पालिका अधिकारी के साथ ही वार्ड मेंबरों ने शहर के नया बाजार, बड़ा बाजार और सब्जी मंडी में पैदल घूमकर सभी दुकानदारों से नाली से बाहर सड़क पर कोई भी सामान न रखने के लिए अपील की। बुधवार को किसी का भी सामान बाहर रखा मिलता है तो उसे टैंपू में भर लिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी दुकानदार की खुद की होगी। वहीं, ऐसे दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला जाएगा। दोपहर में नगर पालिका की मिनी क्रेन भी बाजार में घूमते हुए सभी को सामान हटाने की अपील करते नजर आए। इसके बाद सब्जी मंडी और बडे़ बाजार में काफी सब्जी विक्रेताओं और अन्य दुकानदारों ने अपना अपना सामान सड़क से हटा लिया।