शामली एमएसके रोड पर तेज हवा में कपड़े से मुंह ढक कर धूल से बचती महिलाएं।
- फोटो : SHAMLI
शामली। मौसम लगातार रंग बदल रहा है। शनिवार को सुबह से ही भीषण गर्मी हो गई, लेकिन शाम तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी से राहत मिली। शाम के समय एक बार फिर तेज हवाएं चलने से मौसम ठंडा रहा।
शनिवार की सुबह आसमान में हल्के बादल छाए हुए थे। दोपहर में बादल छंटने पर तेज धूप के साथ गर्मी ने पसीने छुड़ा दिए। लोग अपने मुंह को कपड़ों से ढक कर ही घर से बाहर निकले। गर्मी की वजह से सड़कों पर चहल-पहल भी कम हो गई और स्कूली बच्चे गर्मी से परेशान नजर आए। दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया। छुट्टी के बाद बच्चे गर्मी में आइसक्रीम का लुत्फ उठाते दिखाई दिए। दोपहर तीन बजे के बाद आसमान पर बादल छाए और शाम करीब साढ़े चार बजे तेज हवा के बूंदाबांदी शुरू हो गई। ठंडी हवा चलने की वजह से मौसम सुहाना हो गया। शाम करीब सात बजे एक बार फिर मौसम बदला और तेज हवा चलने लगी। बूंदाबांदी के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के मुताबिक अगले कुछ दिनों में पउप्र में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
तेज हवा में धूल उड़ने से परेशान हुए लोग
बूंदाबांदी से पहले तेज हवा चली तो सड़कों पर धूल उड़ने लगी। एमएसके रोड, सहारनपुर रोड, कैराना रोड, मेरठ-करनाल रोड पर राहगीर धूल से परेशान हो गए। मुंह और आंखों को धूल से बचाने के लिए लोग कपड़ों या हाथों से ढककर निकले। शाम करीब सात बजे फिर से तेज हवा चलने लगी। ऐसे में धूल ने लोगों को परेशान किया।