दरभंगा पार्सल विस्फोट प्रकरण के जम्मू-कश्मीर से जुड़े तार
शामली। पिछले महीने बिहार के दरभंगा में हुए पार्सल विस्फोट प्रकरण में कैराना के चार लोगों की गिरफ्तारी के बाद अब कांधला के युवक के पकड़े जाने पर जिले के तार जम्मू-कश्मीर से जुड़ गए हैं।
पिछले महीने 17 जून को दरभंगा में पार्सल विस्फोट प्रकरण की जांच एनआईए को सौंपी गई है। एनआईए ने इस मामले में 30 जून को हैदराबाद से कैराना निवासी दो भाइयों नासिर और इमरान को गिरफ्तार किया था। इसके तीन दिन बाद एनआइए ने दो जुलाई को कैराना निवासी सलीम उर्फ टुइयां और कफील को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों ने पकड़े गए लोगों का संबंध पाकिस्तान में बैठे इकबाल काना से होना बताया था। साथ ही लश्कर ए तैयबा से भी उनका कनेक्शन होना बताया था।
पार्सल विस्फोट प्रकरण में कैराना के चार लोगों के पकड़े जाने के बाद जिला चर्चाओं में रहा। अब शनिवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस व एटीएस द्वारा कांधला निवासी इजहार के पकड़े जाने के बाद जनपद के तार जम्मू-कश्मीर से जुड़ने पर फिर चर्चाओं में आ गया है। हालांकि अभी तक अधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि नहीं हुई हुई है कि इजहार उर्फ सोनू किस मामले में पकड़ा गया है।