यमुना तटबंध की नहीं हुई मरम्मत, जगह-जगह बने गड्ढे
कैराना। बरसात का मौसम चल रहा है, लेकिन सिंचाई विभाग ने अभी तक यमुना तटबंध की मरम्मत नहीं कराई है। यमुना तटबंध पर जगह-जगह गड्ढे बने हैं।
यमुना नदी की संभावित बाढ़ से क्षेत्र को बचाने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा यमुना के यूपी की तरफ तटंबध बनाया गया है। प्रत्येक वर्ष बरसात के मौसम से पहले सिंचाई विभाग यमुना तटंबध की मरम्मत कराता है, लेकिन इस बार यमुना तटंबध की मरम्मत नहीं कराई गई। यमुना तटबंध में जगह जगह गड्ढे बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2013 में आई भयंकर बाढ़ से तटबंध भी जगह जगह से टूट गया था। ग्रामीणों ने कहा कि अधिकारियों की बेरुखी से आवागमन के दौरान समस्याएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। यदि बाढ़ आया तो मुसीबत और बढ़ जाएगी।
ये बोले ग्रामीण
गांव मामौर निवासी रहीसुदीन ने बताया कि तटबंध में कई जगह गड्ढे बने हैं। अगर यमुना में बाढ़ आती है तो अल्लाह का ही भरोसा है।
गांव मवी निवासी जयकुमार ने बताया कि 2013 में यमुना में आई बाढ़ के कारण उनके गांव के पास से तटंबध टूट कर बाढ़ का पानी गांवों में भर गया था। इस बार तटंबध की मरम्मत नहीं कराई गई।
गांव मवी निवासी अफजाल ने बताया कि हर साल बरसात से पहले तटबंध की मरम्मत कराई जाती थी, लेकिन इस बार मरम्मत नहीं कराई गई।
वर्जन
सिंचाई विभाग को यमुना तटंबध का निरीक्षण करके मरम्मत कराने के लिए निर्देश दे दिए गए हैं।
उद्भव त्रिपाठी, एसडीएम कैराना।
कैराना में यमुना तटबंध में बने गडढे- फोटो : SHAMLI