गढीपुख्ता में होता राजकिय डिग्री कॉलेज का निर्माण कार्य
- फोटो : SHAMLI
कॉलेज की दरकती नींव की मरम्मत का कार्य शुरू कराया
शामली, गढ़ीपुख्ता। कस्बे में जंधेड़ी मार्ग पर प्रस्तावित राजकीय कन्या डिग्री कॉलेज का निर्माण पूरा होने से पहले नींव दरकने का समाचार अमर उजाला में प्रकाशित होने से हड़कंप मच गया। ठेकेदार ने आनन-फानन में मजूदर भेजकर मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया है।
बालिकाओं की शिक्षा के लिए कस्बे में जंधेड़ी मार्ग पर प्रस्तावित राजकीय कन्या डिग्री कॉलेज इस साल तैयार होना था। लेकिन नींव के बाद इसका निर्माण आगे ही नहीं बढ़ा। अब इसकी नींव भी दरकने लगी थी। कॉलेज का शिलान्यास कैबिनेट गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने 22 अक्तूबर 2019 को किया था। कॉलेज का निर्माण 9.42 करोड़ की लागत से होना था। पहली किस्त के रूप में 80 लाख रुपये शासन ने अवमुक्त किए थे। जिसके बाद नींव भरी गई और पिलर खड़े किए गए। इसके बाद शासन से कॉलेज के निर्माण के लिए पैसा नहीं मिला। अधिकारियों का निरीक्षण कर निर्माण शुरू कराने को धनराशि अवमुक्त कराने का आश्वासन भी कोरा साबित हुआ। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कॉलेज का निर्माण शुरू कराने की मांग की थी। अमर उजाला ने समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिस पर सोमवार को ठेकेदार ने मौके पर मजदूर भेजकर काम शुरू करा दिया।