घरों के बाहर चस्पा किए मकान बिकाऊ है के पोस्टर
- फोटो : amar ujala
ग्राम प्रधानपति पर दबंगई का आरोप लगाते हुए गांव गोगवान जलालपुर के ब्राह्मण समाज के लोगों ने पलायन की चेतावनी दी है। उन्होंने अपने घरों पर मकान बिकाऊ के पोस्टर चस्पा किए हैं। साथ ही डीएम से भी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उधर, प्रधान ने तालाब पर कब्जे का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मामला शामली जनपद के बाबरी थाना क्षेत्र के गांव गोगवान जलालपुर का है। यहां ब्राह्मण समाज के मुकेश, अशोक कुमार, मोहित शर्मा, अरविंद, नाथीराम, शिवकुमार आदि का आरोप है कि प्रधानी के चुनाव की रंजिश को लेकर प्रधानपति जयप्रकाश राणा और उनका पुत्र विनय राणा ब्राह्मण समाज के लोगों से गाली-गलौज करता है। बुधवार को ब्राह्मण समाज के मोहित पुत्र मुकेश के अपहरण का प्रयास किया गया और उनके घर के सामने दबंगई दिखाते हुए फायर किए गए। गांव के ब्राह्मण समाज के लोग भयभीत हैं।
आरोप है कि जिस ब्राह्मण समाज के व्यक्ति ने प्रधान को वोट नहीं दिए, उसके घर के सामने की स्ट्रीट लाइट भी प्रधान पति ने उखड़वा दी और टंकी का पानी भी बंद कर दिया। परेशान होकर ब्राह्मण समाज के लोग गांव से पलायन को मजबूर हैं। उन्होंने अपने घरों पर प्रधान की दबंगई से पलायन और मकान बिकाऊ के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं।
उधर, प्रधान सुषमा देवी ने तालाब पर कब्जे का आरोप लगाया है। आरोप है तालाब पर कब्जा करने वाला व्यक्ति प्रधानी चुनाव की रंजिश को लेकर लोगों को भड़का रहा है। ग्राम प्रधान ने तालाब से कब्जा हटवाने और मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।