शामली: यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा।
- फोटो : amar ujala
पहाड़ों पर बारिश के चलते गुरुवार सुबह नौ बजे ताजो वाला बांध से यमुना नदी में 15000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे एक दिन पहले बुधवार को यमुना में छोड़े गए 3000 क्यूसेक पानी के चलते गुरुवार को यमुना के जलस्तर में मामूली बढ़ोतरी देखी गई।
पिछले कई माह से यमुना में केवल रुका हुआ पानी ही दिखाई दे रहा था। कई दिनों से पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते बुधवार को यमुना में 3000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जिसके चलते गुरुवार सुबह यमुना के जलस्तर में मामूली बढ़त देखी गई। यमुना नदी पर फोरलेन पुल निर्माण के कारण यमुना का जलस्तर मापा नहीं जा सका था।
हथिनी कुंड कंट्रोल रूम के ऑपरेटर मोनू ने बताया कि गुरुवार सुबह आठ बजे यमुना में ताजो वाला बांध से 8774, इसके बाद सुबह नौ बजे 14498 और 10 बजे 5352 क्यूसेक पानी प्रति सेकेंड की दर से छोड़ा गया। उक्त पानी के शुक्रवार सुबह तक कैराना यमुना नदी पुल तक पहुंचने की संभावना है, जिससे जलस्तर में और वृद्धि होगी।