आक्सीजन के मामले में शामली बना आत्मनिर्भर: सुरेश राणा
शामली, थानाभवन। प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाभवन पर ऑक्सीजन प्लांट का फीता काटकर व स्विच ऑन करके शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के जनपदों में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कराने का काम किया है।
सुरेश राणा ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ऑक्सीजन प्लांट स्थापित हो जाने से क्षेत्र की जनता को इसका लाभ मिलेगा क्योंकि जब भी कोई समस्या आती थी, तो लोगों को बाहर महानगरों में जाना पड़ता था। अब यहीं पर ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध होगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गन्ना विभाग की ओर से 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित 250 एलपीएम ऑक्सीजन प्लांट के माध्यम से सीधे 25 बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा होगी। अकेले जनपद शामली में छह ऑक्सीजन प्लांट स्थापित हो गए हैं और निकट भविष्य में जल्द ही झिंझाना और कांधला में भी ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जनपद शामली ऑक्सीजन के मामले में पूरी तरह आत्मनिर्भर हो गया है।
आयुष्मान कार्ड का वितरण किया
कैबिनेट मंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य थानाभवन के परिसर में मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के अंतर्गत अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को आयुष्मान कार्ड का वितरण भी किया। सुरेश राणा ने कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पांच लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी तो पूरा परिवार सुरक्षित होगा। देश के प्रधानमंत्री ने 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना जैसी शानदार योजना से जोड़ने का जो काम किया है, वो ऐतिहासिक है। क्षेत्र की बेटियों को बाहर पढ़ने ना जाना पड़े उसके लिए डिग्री कॉलेज, इंटर कॉलेज स्थापित कराए जा रहे हैं। जिससे बच्चियां पढ़कर भविष्य में अपना परचम लहरा सके। कैबिनेट मंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जो लक्ष्य प्राप्त किया है उसके अनुसार अभियान चलाकर सभी अंत्योदय कार्ड धारकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाए। सीएमओ डा. संजय अग्रवाल ने अवगत कराया कि जनपद में 16500 के लक्ष्य के सापेक्ष 4000 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। कार्यक्रम में सीएचसी थानाभवन चिकित्साधीक्षक डॉ. रवि पालीवाल सहित लाभार्थी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।