शामली में सोमवार को लगा जाम, लोग घंटों से हलकान।
- फोटो : अमर उजाला
शामली। हर रोज शहर में जाम लगने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्कूल की बसें व एंबुलेंस भी घंटों तक जाम में फंसी रहती हैं। जिसके कारण मरीजों व बच्चों के साथ आमजन का भी शहर में निकलना मुश्किल हो रहा है। जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद ट्रैफिक पुलिस ने जाम से निजात दिलाई।
सोमवार को सुबह से ही शहर में जाम लग गया। विजय चौक के बीच में ही ट्रक खराब हो गया। जिसके कारण बडे़ वाहनों की चौराहे पर आवाजाही बंद हो गई। जिससे कैराना, झिंझाना रोड पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
वहीं वर्मा मार्केट के नजदीक मेन रोड पर ही रालोद प्रत्याशी के कार्यालय का उद्घाटन होने के कारण सड़कों पर गाड़ी व भारी संख्या में लोग सडकों पर मौजूद रहने से शहर में भयानक जाम की स्थिति बन गई। वही रही सही कसर धीमानपुरा फाटक के बंद होने से पूरा शहर जाम की चपेट में आ गया। दोपहर को स्कूली बसें भी एक से डेढ़ घंटे तक शहर में फंसी रहीं। ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन से ट्रक को रोड के बीच से हटवाया। उसके बाद ही यातायात सुचारु हो सका।