शामली। दिल्ली निवासी 50 हजार के इनामी रिहान के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद पुलिस ने दिल्ली-गाजियाबाद में गिरोह के सदस्यों की तलाश तेज कर दी है। स्थानीय सदस्यों की तलाश में जिले की स्वाट और सर्विलांस टीमें तलाश में जुटी है। मौके से भागे रिहान के साथी की तलाश में पुलिस की एक टीम दिल्ली गई है।
शहर कोतवाली पुलिस और आदर्श मंडी थाना पुलिस की टीम के साथ बृहस्पतिवार देर रात मुठभेड़ में दिल्ली के न्यू ओखला निवासी इनामी रिहान मारा गया था। उसका साथी मौके से भाग निकला था। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि रिहान की जिले के याहिया गुर्जर गिरोह के साथ मिलकर लूट की वारदातों के अलावा शराब तस्करी व हथियार तस्करी में संलिप्तता रही है।
इस गिरोह के आठ-नौ सक्रिय सदस्यों के नाम सामने आए है। इनकी तलाश में स्वाट और सर्विलांस टीमें लगाई गई है।
दिल्ली और गाजियाबाद में लगातार वारदातें करने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस टीमें लगी है। मुठभेड़ के दौरान मौके से भागे बदमाश के बारे में पता चला है कि वह दिल्ली का रहने वाला है। उसकी तलाश में पुलिस की एक टीम दिल्ली गई हुई है।
इसके अलावा रिहान का बांग्लादेशी होने का कनेक्शन भी खंगाला जा रहा है। रिहान के पिता के बारे में जांच की जा रही है कि वह कहां से आया था। रिहान पर ऑनलाइन 90 मुकदमे दर्ज होना पाया गया। इसके अलावा उत्तराखंड व हरियाणा में भी आपराधिक रिकार्ड की जानकारी कराई जा रही है। एसपी का कहना है कि जल्द ही रिहान गिरोह के अन्य सदस्यों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।