शामली गांधी चौक बाजार में तैनात पुलिसकर्मी
- फोटो : SHAMLI
शामली। धनतेरस पर बाजार में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट रही। बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था के लिए यातायात पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रहे। बाजारों में ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंध कर दिया गया और भारी वाहनों की शहर में नो एंट्री रात नौ बजे से बढ़ाकर 11 बजे तक कर दी गई है।
मंगलवार को जिले में धनतेरस का त्योहार मनाया गया। धनतेरस के दिन खरीदारी के लिए लोगों की सुबह से ही भीड़ रही। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बाजारों में जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी बाजारों में गश्त करते रहे। यातायात संचालन के लिए यातायात पुलिसकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। जिला यातायात प्रभारी भंवर सिंह ने बताया कि बाजारों में भीड़ को देखते हुए कबाड़ी बाजार, बड़ा बाजार, गांधी चौक, नया बाजार समेत सभी बाजारों भी में ई रिक्शाओं का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। बाजारों में विभिन्न प्वाइंटों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। शहर में दिन के समय भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। सभी भारी वाहनों और बसों को बुढ़ाना रोड, रेलपार बाईपास से निकाला गया है। शहर में मुख्य सड़क पर भी वाहनों की संख्या ज्यादा रहने के कारण जाम की स्थिति बनी रही।