कैराना। जिला खनन अधिकारी ने तहसील की टीम और पुलिस बल के साथ रविवार को नंगला राई रेत खनन प्वाइंट पर छापा मारा। इस दौरान यमुना नदी के बीच अवैध रूप से जेसीबी से रेत खनन होता पाया गया। जिस पर खनन अधिकारी ने एक जेसीबी को सीज कर दिया।
नंगला राई रेत खनन प्वाइंट पर पूर्व में अवैध रेत खनन के आरोप लगते चले आ रहे हैं। शनिवार को सोशल मीडिया पर नंगला राई खनन प्वाइंट पर यमुना के पानी के बीच जेसीबी से खनन किए जाने की वीडियो वायरल हुई थी। जिस पर संज्ञान लेते हुए रविवार को डीएम जसजीत कौर के निर्देश पर जिला खनन अधिकारी वशिष्ठ यादव ने कानूनगो सोहनपाल व हलका लेखपालों की टीम तथा पुलिस बल के साथ नंगला राई खनन प्वाइंट पर छापा मारा।
मौके पर जेसीबी से अवैध तरीके से यमुना की धारा के मध्य में रेत खनन किया जा रहा था। जिस पर संज्ञान लेते हुए खनन अधिकारी ने एक जेसीबी को सीज कर दिया। खनन अधिकारी वशिष्ठ यादव ने बताया कि मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।