बाहरी लोगों से कोरोना संक्रमण का खतरा
शामली। जिले में कोरोना के केस कम होने से राहत मिली है, लेकिन दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों से संक्रमण फैलने का खतरा बन रहा है। इसकी वजह ये है कि बाहर से आने वाले लोगों की जांच की कोई व्यवस्था नहीं है। जबकि अगस्त माह में तीसरी लहर आने की संभावना जताई जा रही है।
जनपद में जुलाई माह से ही कोरोना के केस कम होने शुरू हो गए थे। एक सप्ताह पहले दो दिन तक जनपद कोरोना मुक्त भी रह चुका है। इस समय जिले में कोरोना के सक्रिय केस की संख्या चार हो गई है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग केस कम होने पर राहत महसूस कर रहा है, लेकिन लापरवाही भी बढ़ रही है। बाजारों में लोगों की भीड़ रहती है। सोशल डिस्टेंस को तो भूल ही गए हैं।
कोरोना संक्रमण जब पीक पर था, उस समय रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर यात्रियों की कोरोना जांच की जा रही थी। मगर अब बाहर से आने वालों की कहीं पर जांच नहीं हो रही है। अगले महीने कोरोना की तीसरी लहर के संभावित खतरे को देखते हुए शासन के निर्देश है कि बाहर से दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों की खासतौर से कोरोना प्रभावित राज्यों से आने वाले लोगों की कोरोना की जांच की जाए। साथ ही उनकी आरटीपीसीआर रिपोर्ट भी देखी जाए, लेकिन जनपद में कहीं पर कोई जांच नहीं हो रही है। जनपद के लोगों का दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र समेत दूरदराज के राज्यों में आना जाना रहता है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग बेपरवाह बना हुआ है।
जिले में कोरोना की स्थिति
कुल पॉजिटिव :12898
ठीक हुए : 12849
कोरोना से मौत : 45
सक्रिय केस : 04
कुल सैंपल : 595531
पॉजिटिविटी रेट : 2.17 प्रतिशत
रिकवरी रेट : 99.62 प्रतिशत
कोट
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी समिति बनाई गई है। इन समितियों के माध्यम से बाहर से आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों की जानकारी मिलने पर उनका सैंपल लेकर कोरोना की जांच कराई जाती है। - डॉ. सुशील कुमार, जिला सर्विलांस अधिकारी।