शामली कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेती डीएम
- फोटो : SHAMLI
गांवों के विकास की जिम्मेदारी प्रधानों की : डीएम
शामली। जिले के सभी नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों की एक दिवसीय कार्यशाला में डीएम जसजीत कौर ने कहा कि अब गांव के विकास की जिम्मेदारी ग्राम प्रधानों पर है। ईमानदारी से सही और गलत का आकलन करते हुए प्रधानों को समस्याओं का समाधान करना होगा।
बुधवार को नवीन विकास भवन के सभागार में एक दिवसीय प्रधानों की कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएम जसजीत कौर ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला में डीएम ने सभी नवनिर्वाचित प्रधानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब गांव के विकास के प्रधानों की जिम्मेदारी है। सभी गांव के सभी वर्गों के लोगों को साथ लेकर चलना है। खासकर ऐसे लोगों का विशेष रूप से ध्यान रखना है, जिन्हें जानकारी का अभाव है। ऐसे लोगों की आपको आवाज बनना है। समय-समय पर जहां पर भी सहयोग की जरूरत पड़ेगी वहां अधिकारी प्रधानों का सहयोग करेंगे। गांव के विकास के लिए अच्छा कार्य करें।
उनकी प्राथमिकता युवाओं के लिए प्रत्येक गांव में एक खेल मैदान और तालाबों के सुंदरीकरण की है। 50 खेल मैदानों के लिए जगह चिह्नित करते हुए खेल मैदान बनवाएं जाएं। निर्वाचित ग्राम प्रधानों से कहा कि जिसको कोविड-19 का टीकाकरण नहीं लगा है वह अपना टीकाकरण जरूर कराएं। कार्यशाला में सीडीओ शंभू नाथ तिवारी ने सभी नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को वित्तीय नियमों की जानकारी शासन की प्राथमिकता व जनता की प्राथमिकता वाले कार्यों को विस्तार से बिंदुवार समझाया। ग्राम प्रधानों को संबंधित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग की योजनाओं के बारे में भी जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इस मौके पर डीडीओ प्रमोद कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रसून राय, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान, जिला पंचायत राज अधिकारी नंदलाल, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. हरित कुमार सभी बीडीओ ग्राम सचिव सभी नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान मौजूद रहे।