कैराना। दहेज में तीन लाख की मांग को लेकर महिला का उत्पीड़न करने और तीन तलाक बोलकर दो साल का बेटा जबरदस्ती ले जाने के मामले में पुलिस ने पति सहित आठ के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बे के मोहल्ला दरबार खुर्द पानीपत रोड निवासी साइना ने एसपी को दिए प्रार्थनापत्र में अवगत कराया कि उसका निकाह करीब चार साल पहले झिंझाना के जमालपुर के मजरा चंदनपुरी निवासी मुरसलीन के साथ हुआ था। उसके दो साल पहले एक बेटा भी हुआ था। 28 मई 2021 को ससुराल वालों ने तीन लाख रुपये दहेज की मांग करते हुए उसको मारपीट कर घर से निकाल दिया था। करीब एक माह पहले उसका पति उसके मायके आया तथा दो साल के बेटे को उठा कर ले गया। इसके बाद तीन जुलाई को उसका पति व ससुराल वाले उसके मायके आए तथा मारपीट की। पति तीन तलाक बोलकर फरार हो गया। एसपी के आदेश पर पुलिस ने पति मुरसलीन, ससुर बाबू, आरिफ, आसिफ, कौसर, सास जरीफा, ननद मोहसीन व फुरकान निवासी चन्दनपुरी मजरा जमालपुर झिंझाना के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।