- लगातार नियम तोड़ने वाले लोगों की कुंडली तैयार कर रहा परिवहन विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। यातायात नियमों को लेकर बेपरवाह रहने और बार-बार नियम तोड़ने वाले सावधान हो जाएं। अब यदि किसी ने पांच बार नियम तोड़ा तो उनके खिलाफ बड़ा एक्शन होगा। पांच या उससे अधिक बार ट्रैफिक नियम तोड़ने पर बीमा क्लेम नहीं मिलेगा। ऐसे वाहनों की आरसी भी निरस्त होगी। चालक के लाइसेंस भी निलंबित होंगे। इसके बाद वाहन से हादसा होने पर क्लेम नहीं मिलेगा।
दूसरे को हानि पहुंचाने पर खुद ही मुआवजा देना होगा। परिवहन विभाग ऐसे वाहनों की कुंडली तैयार कर रहा है। एआरटीओ रोहित राजपूत ने बताया कि यातायात नियमों को तोड़कर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू हो गई है। जनपद की सड़कों पर अब बिना फिटनेस, परमिट, टैक्स, पांच से अधिक चालान और लगातार हादसों में शामिल वाहन अब सड़कों पर नहीं दौड़ सकेंगे। ऐसे वाहनों के लिए नई व्यवस्था शुरू की जा रही है। जिन्हें ऑनलाइन भी अपडेट किया जाएगा। जिससे कि ऐसे वाहनों का डाटा जल्द मिल सके।