शामली। रसोई गैस की कमी से उपभोक्ता जूझ रहे हैं। बुकिंग के कई-कई दिन बाद तक भी गैस सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं। उपभोक्ता एजेंसी पर सुबह को कतार में खड़े हो जाते हैं और गैस न मिलने पर निराश होकर लौट रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई कई दिन चक्कर लगाने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल रहा है।
बनत स्थित भारत गैस एजेंसी पर बृहस्पतिवार सुबह से उपभोक्तओं की भीड़ लगी रही। भीषण गर्मी में लोग सुबह से कतार में लगे और दोपहर एक बजे तक भी गैस नहीं मिल सकी। उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग के दस दिन बाद भी गैस सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं। एजेंसी संचालक सिलिंडर खत्म होना बताकर वापस भेज देते हैं।
एजेंसी संचालक अनुज राणा ने बताया कि स्टॉक 360 सिलिंडर का मिलता है, जबकि उपभोक्तओं की बुकिंग तीन गुना से ज्यादा चल रही है। इस वजह से समस्या बनी हुई है। उपभोक्ता गांव बुटराड़ा निवासी प्रमोद ने बताया कि तीन दिन से आ रहा है। सुबह आठ बजे से एक बज चुका है, अभी भी सिलिंडर मिलने की उम्मीद नहीं है। महावतपुर के पंकज ने बताया कि नौ अप्रैल को बुकिंग हुई थी। 16 अप्रैल को समय दिया, सुबह आठ बजे से कतार में खड़े हैं।
गांव किरोड़ी निवासी संतोष कुमार ने बताया कि दो दिन पहले बुकिंग हो गई थी, लेकिन इससे अगले दिन कतार में लगा रहा, सिलिंडर नहीं मिला। आज भी कतार में खड़ा हूं।
हाथी करौदा निवासी अंकित ने बताया कि 10 दिन पहले बुकिंग हुई थी। तीन बार आ चुका। अभी तक सिलिंडर नहीं मिला।
खानपुर निवासी देवेंद्र ने कहा कि चार अप्रैल को बुकिंग हुई थी, अब तक सिलिंडर नहीं मिला, खेत का काम छोड़कर आना पड़ रहा है। nबुकिंग के छह दिन बाद मिल रही गैस : कैराना। गैस एजेंसी पर 25 दिन बाद गैस की ऑनलाइन बुकिंग हो रही है। बुकिंग के भी 6 दिन बाद सप्लाई मिल रही है। बिना ई केवाईसी के ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं हो रही है। उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। गैस एजेंसी पर मोहल्ला आलखुर्द निवासी रामपाल ने बताया कि घर में पिछले एक माह से सिलिंडर नहीं है। चूल्हे पर खाना बनाया जा रहा है। ई केवाईसी नहीं होने के कारण ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं हो रही है। एजेंसी पर दूसरी बार ई केवाईसी कराने आया हूं। कंडेला निवासी लोकेंद्र ने बताया कि पहले उनके गांव में ही एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई होती थी। युद्ध के बाद गांव में सप्लाई बंद हो गई है। उन्होंने चार दिन पहले ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। यहां आकर पता चला कि वह बुकिंग कैंसिल हो गई है।