कैराना। सोशल मीडिया पर दो युवकों के पिस्तौलों के साथ फोटो वायरल हो रहे हैं। जांच के दौरान एक युवक की पिस्तौल प्लास्टिक का खिलौना पाया गया जबकि दूसरे युवक की जांच की जा रही है।
बृहस्पतिवार को कैराना क्षेत्र के सोशल मीडिया पर दो फोटो वायरल हो गए। एक फोटो में फेसबुक पेज का स्क्रीनशॉट लिया गया है। आईडी चौधरी रिहान गुर्जर के नाम से है, जिसमें एक युवक सिल्वर रंग की बुलेट मोटरसाइकिल के सामने लाल रंग का चश्मा लगा कर एक टांग पर स्टाइल में खड़ा है। उसके हाथ में काले रंग की पिस्तौल दिखाई दे रही है। फोटो के ऊपर लिखा है, मैं बंदूक और गिटार दोनों चलाना जानता हूं, तय तुम्हें करना है कि आप कौन सी धुन पर नाचोगे। इसी के नीचे इंग्लिश में लिखा है, ठोक दूं क्या। बताया गया है कि फोटो गांव दभेड़ी खुर्द निवासी युवक का है।
वहीं दूसरी फोटो में एक युवक फोरलेन के पुल के नीचे सड़क पर खड़ा है और अपने हाथ में पिस्तौल लेकर फोटो खिंचवाता नजर आ रहा है। बताया गया है कि युवक कैराना नगर का रहने वाला है। कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बताया कि एक फोटो में दिखाई दे रहे एक युवक को बुलाकर पूछताछ की गई थी, जिसमें जांच में पाया कि अवैध हथियार जैसे दिखने वाला प्लास्टिक का बच्चों का खिलौना माउजर था। दूसरे युवक की तलाश कर जांच की जाएगी।