शामली। छह दिन बाद शामली शुगर मिल में गन्ना पेराई शुरू हुई, तो शहर जाम हो गया। छह दिन से जो गन्ना रुका हुआ था, वह एकाएक वाहनों में लादकर शुगर मिल पहुंचाया गया। शहर में हर मार्ग पर गन्ने से लदे वाहनों की लाइन लग गई। इस कारण अधिकांश मार्गों पर दिन भर ट्रैफिक जाम होने के कारण लोगों को हलकान होना पड़ा।
अपर दोआब शुगर मिल शामली के श्रमिकों ने छह दिन से धरना दिया हुआ था। बृहस्पतिवार को ही प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद धरना समाप्त हुआ, जिसके बाद शाम को शुगर मिल में गन्ना पेराई शुरू हो गई। जैसे ही किसानों को सूचना पहुंची कि शुगर मिल में गन्ना पेराई शुरू हो गई है, तो किसानों ने भैंसा बुग्गी और ट्रैक्टर ट्रालियों में गन्ना लादकर शुगर मिल भेजना शुरू कर दिया।
आलम यह हो गया कि बृहस्पतिवार रात से ही शहर में गन्ना लदे वाहनों की आवक बढ़ गई और सुबह होते होते शहर के हर रास्ते पर गन्ना लदे वाहनों की कतारें लग गई। शुगर मिल गेट से लेकर मिल रोड, अग्रसेन पार्क, एमएसके रोड, वीवी इंटर कॉलेज रोड तक गन्ना लदे वाहनों की लाइन लगी रही। इस कारण दिन भर शहर में जाम लगा रहा और परेशानी का सामना आम लोगों को करना पड़ा।
उधर, शुक्रवार को शहर में जाम की वजह से ऐसा हाल हो गया कि चार पहिया वाहनों की बात तो दूर, दोपहिया वाहनों को निकलने का रास्ता भी नहीं मिला। दोपहिया वाहन चालक गलियों के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जाने की जुगत लगाते रहे। वहीं, जाम में कई स्कूलों के वाहन भी फंसे रहे, जिस कारण स्कूली वाहनों में सवार बच्चों का भी बुरा हाल हो गया। सड़क पर गन्ना लदे वाहनों की तीन तीन कतारें लगने पर पैदल ही सड़क पार करने वालों को भी फजीहत झेलनी पड़ी।