शामली। 14 माह से मानदेय न मिलने को लेकर शामली ब्लॉक पर कई ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने प्रदर्शन किया। डीएम को संबधित ज्ञापन जिला विकास अधिकारी को सौंपते हुए 25 मार्च तक मानदेय नहीं मिलने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी।
महिला आंगनबाड़ी एवं आशा कर्मचारी कल्याण समिति की ओर से शुक्रवार को शामली ब्लॉक पर जनपद के ऊन, कांधला व कैराना ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं एकत्र हुईं। 14 माह से मानदेय न मिलने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
उन्होंने जिला विकास अधिकारी को बलराम कुमार को डीएम सुजीत कुमार को ज्ञापन सौंपा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बबीता ने बताया कि पिछले 14 माह से वेतन न मिलने पर काफी परेशानी आ रही है। फीस जमा नहीं होने के कारण बच्चों का स्कूल से नाम काट दिया है। मानदेय को लेकर कई बार जिला कार्यक्रम अधिकारी को भी बताया जा चुका है, लेकिन आश्वासन के अलावा आज तक कोई समाधान नहीं हो सका।
वहीं, अधिकारी बलराम कुमार ने बताया कि जनपद में सभी अलग अलग ब्लॉक की लगभग 68 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का खाता नंबर व बैंक का नाम आगे से ही गलत लिखे जाने के कारण मानदेय रुका हुआ है। जल्द ही बाबू को भेजकर बैंक व खाता नंबर सही कराकर सभी का मानदेय खातों में भेज दिया जाएगा।