कैराना तहसील में आयोजित समाधान दिवस में शिकायत सुनते डीएम व एसपी । संवाद
कैराना/ शामली/ ऊन। जिलेभर में संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 137 में से मात्र 11 शिकायतों का निस्तारण किया गया। अन्य के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कैराना तहसील सभागार में डीएम अरविंद चौहान ने प्राथमिकता से शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए।
शनिवार को कैराना तहसील में डीएम अरविंद कुमार चौहान ने शिकायतों को सुनकर सभी विभागीय अधिकारियों को उनका समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। चेतावनी दी की यदि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरती जाती है तो उसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फरियादी को कार्यालयों के बार-बार चक्कर न काटने पड़े। इस मौके पर 51 शिक़ायती पत्रों से से चार का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस मौके पर एसपी राम सेवक गौतम एसडीएम कैराना स्वप्निल कुमार यादव, सीएमओ डॉक्टर अनिल कुमार, डीएफओ जगदेव सिंह, जिला विकास अधिकारी सत्य राम यादव, पीडी डीआरडीए प्रेम चन्द आदि रहे। शामली कलक्ट्रेट में एडीएम संतोष कुमार सिंह के समक्ष 40 शिकायतें आईं। जिसमें चार का निस्तारण मौके पर किया गया। एसडीएम हामिद हुसैन, तहसीलदार शामली प्रियंका जायसवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ऊन तहसील में सीडीओ विनय कुमार तिवारी के समक्ष 46 शिकायतें आईं, जिसमें से मौके पर तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर एसडीएम ऊन अर्चना शर्मा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।