कांधला। कस्बे के व्यापारियों ने साप्ताहिक बंदी के दिन में बदलाव का विरोध किया है। उन्होंने साप्ताहिक बंदी बुधवार को ही रखने की मांग की।
डीएम जसजीत कौर ने जिले में बाजार की साप्ताहिक बंदी के दिनों में बदलाव किया गया है। रविवार को शामली सदर तहसील, बनत, थानाभवन व जलालाबाद, बुधवार को तहसील ऊन, झिंझाना, गढ़ीपुख्ता और तहसील कैराना और कांधला में बृहस्पतिवार का दिन निर्धारित किया गया है। कस्बे में बुधवार की जगह बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बंदी का दिन घोषित करने से कस्बे के व्यापारियों में भारी रोष है।
कस्बे के गांधी चौक पर व्यापारियों ने सराफ एसोसिएशन के अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के महामंत्री श्रीकांत जैन के नेतृत्व में साप्ताहिक बंदी में बदलाव का विरोध किया। श्रीकांत जैन ने कहा कि पिछले 40 वर्षों से कस्बे में बुधवार को ही साप्ताहिक बंदी होती आई है। व्यापारियों ने बुधवार को ही कस्बे में साप्ताहिक बंदी रखने की मांग की है। मौके पर मनीष गोयल सभासद, राजेंद्र सभासद, तरुण अग्रवाल, जय सिंह, शिव कुमार जैन, चंदकी, सोनू सैनी, सुरेंद्र, प्रदीप व रामअवतार सहित आदि मौजूद रहे।