16 अगस्त से जिला अस्पताल में शुरू होगी ओपीडी
शामली। लंबे इंतजार के बाद जिला संयुक्त चिकित्सालय 16 अगस्त को शुरू करने की तैयारी कर ली गई है। जिला अस्पताल में ओपीडी और इमरजेंसी सुविधा चालू की जाएगी। इसके एक सप्ताह बाद प्रसव सुविधा भी शुरू की जाएगी।
28 सितंबर 2011 में शामली को जिला बनाया गया था। तब से ही लोगों को जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जागी थी। 2014 में पूर्वी यमुना नहर पटरी पर गांव मुुंडेट के निकट जिला संयुक्त चिकित्सालय के भवन का निर्माण शुरू हो गया था। करीब साढ़े 39 करोड़ रुपये की लागत से पिछले साल 2020 में भवन का निर्माण कार्य पूरा हो गया था, लेकिन कोरोना के केस बढ़ने पर इस भवन में कोविड अस्पताल शुरू कर दिया गया था। इस साल फरवरी में कोरोना के केस कम होने पर जिला अस्पताल चालू करने के शासन से अनुमति मांगी गई थी, लेकिन फिर से कोरोना की दूसरी लहर शुरू होने पर शासन से स्वीकृति नहीं मिल पाई थी।
कोरोना के केस कम होने पर पिछले महीने रोगी कल्याण समिति की बैठक में अगस्त के प्रथम सप्ताह में जिला अस्पताल चालू करने पर सहमति बनी थी, लेकिन सात अगस्त को अस्पताल चालू नहीं हो पाया था। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सफल कुमार ने बताया कि 16 अगस्त से जिला संयुक्त अस्पताल में ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं शुरू की जाएगी। इसके एक सप्ताह बाद डिलीवरी शुरू करने की योजना है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल चालू करने के लिए चिकित्सकों व स्टाफ समेत सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।