शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने विद्युत लाइन के तार चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। उनके कब्जे से दस बंडल एल्युमीनियम के बिजली तार और गाड़ी बरामद की है।
शुक्रवार को एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस की इंडस्ट्रीयल एरिया कैराना रोड चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान गाड़ी में लादकर तिरपाल से ढककर ले जा रहे दस बंडल एल्युमीनियम तार बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी शेखर निवासी गांव खेड़ीकरमू को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी फरार हो गए। पूछताछ में गिरफ्तार शेखर निवासी गांव खेड़ीकरमू ने बताया कि उन्होंने गांव बलवा के जंगल से नौ अप्रैल और 12 जुलाई को किसानों के नलकूप को जानी वाली विद्युत लाइन के तीन खंभों के तीनों तारों को काटकर चोरी किया था। तारों को पांच-छह फीट लंबे टुकड़े में काटकर गाड़ी में तिरपाल से ढककर बेचने के लिए पानीपत की तरफ जा रहे थे। उस समय तार चोरी की घटना की रिपोर्ट 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बलवा के अवर अभियंता नीतिश कुमार शहर कोतवाली पर दर्ज कराई थी। एसपी ने बताया फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।