गढ़ीपुख्ता (शामली)। प्रॉपर्टी डीलरों ने वृद्ध की जमीन जमीन के बदले पैसे व जमीन दिलवाने के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए। ठगी का पता चलने पर वृद्ध सदमे में आ गया और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने प्रॉपर्टी डीलरों से पैसे मांगे तो उन्होंने देने से इंकार कर दिया। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस चौकी में तहरीर दी। बाद में दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद ही वृद्ध का अंतिम संस्कार किया गया।
गांव हरसाना के मजरे रेडृा माजरा में जय पाल पुत्र सिंघा की सड़क पर करीब 7 बीघे जमीन तीन प्रॉपर्टी डीलरों ने 28 लाख रुपये में सौदा कर बेच दी। प्रॉपर्टी डीलरों ने वृद्ध को बदले में कुछ जमीन व 12 लाख रुपये देने का वादा किया। जिसके बाद गांव खेड़की में चार बीघा जमीन भी दिलवाई। लेकिन विवादित होने के कारण उसका दाखिल खारिज नहीं हो पाया, न ही पीड़ित को वादे के अनुसार रुपये दिए। धोखाधड़ी का पता चलने पर वृद्ध सदमे के कारण बीमार हो गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उसकी मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने शुक्रवार को प्रॉपर्टी डीलरों से पैसे मांगे, लेकिन प्रॉपर्टी डीलरों ने पैसे देने से इन्कार कर दिया। जिसके बाद परिजनों ने गांव टोडा व खेड़की के तीन प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ पुलिस चौकी में तहरीर दी।
लेकिन कार्रवाई न होने के कारण परिजनों ने सुबह रोड जाम करने की चेतावनी दी। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। दबाव में प्रॉपर्टी डीलरों व परिजनों में जमीन वापस करने व चार लाख रुपये देने के वादे पर समझौता हो गया। जिसके बाद परिजनों ने वृद्ध का अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में कार्यवाहक चौकी प्रभारी जय सिंह नागर ने बताया कि पैसों के लेनदेन की तहरीर आई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। वृद्ध का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।