शामली के गांव पावटी कलां में दंपती में विवाद के बीच ससुरालियों ने दामाद पर चाकू से हमला किया। बेटे को बचाने आई मां पर भी तेजाब डाल दिया। पुलिस ने युवक की सास सहित चार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
शामली के कैराना में पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते ससुरालियों ने दामाद पर चाकू से हमला कर दिया। उसकी मां पर तेजाब डाल दिया। गंभीर रूप से झुलसी युवक की मां को हायर सेंटर रेफर किया गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने युवक की सास सहित चार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव पावटी कलां निवासी मोहसिन का निकाह बागपत निवासी युवती के साथ हुआ था। करीब पांच माह पहले पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते मोहसिन की पत्नी अपने मायके बागपत चली गई थी। पति-पत्नी के बीच अदालत में मुकदमा विचाराधीन है। बृहस्पतिवार को मोहसिन अपनी मां सबीना के साथ खरीदारी के लिए आया हुआ था।
यह भी पढ़ें: अमर उजाला अभियान स्वास्थ्य: किशोरों ने टीकाकरण में दिखाया खूब उत्साह, अब बच्चों की बारी
अपराह्न करीब 3:00 बजे मोहसिन और उसकी मां वापस अपने गांव जा रहे थे। भूरा रोड पर नाहिद हसन कॉलोनी के पास एक बिना नंबर प्लेट की कार में सवार एक महिला सहित चार आरोपियों ने मोहसिन की बाइक रुकवा कर उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान मोहसिन की मां सबीना अपने बेटे को बचाने आई तो आरोपी ने उस पर तेजाब डाल दिया। जिससे दोनों घायल हो गए।
राहगीरों ने घायल मां-बेटे को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची। तेजाब से झुलसी सबीना की गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान ने बताया कि मोहसिन की तहरीर पर उसकी सास फरजाना, साले जाबिर, नौशाद निवासी बागपत और एक अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है।