मिशन शक्ति फेज-तीन का 21 से होगा शुभारंभ
शामली। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति फेज-3 को लेेकर डीएम की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिसमें 21 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। डीएम ने मिशन शक्ति फेज-3 के अंतर्गत जिला व ग्राम स्तर पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर कहा कि सभी विभाग दायित्व के अनुसार कार्ययोजना बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
सीडीओ शंभू नाथ तिवारी ने बताया कि फेज-3 के अंतर्गत जनपद स्तर पर चिकित्सा, पुलिस विभाग, स्वरोजगार क्षेत्र, शिक्षा क्षेत्र, आंगनबाड़ी, महिला ग्राम प्रधान को और बहादुरी/शौर्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 75 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। 21 अगस्त को राज्य स्तर पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसका सजीव प्रसारण भी देखा जाएगा। आयोजन स्थलों पर कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन किया जाए। बैठक में एडीएम अरविंद कुमार सिंह, एएसपी ओपी सिंह, डीडीओ प्रमोद कुमार, सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल, उपायुक्त स्वत: रोजगार शैलेन व्यास, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी नंदलाल व सभी बीडीओ और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।