शामली के झिंझाना में घने कोहरे और सर्दी के बीच कस्बे के एक मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में मकान में खड़ी तीन बाइकें, फर्नीचर सहित अन्य सामान फुंक गया। आग बुझाने के प्रयास में एक सिपाही के हाथ भी झुलस गए। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पा सकी।
शामली डाकघर के पोस्ट मास्टर मदनलाल शर्मा का मकान कस्बे के मोहल्ला कापड़ियान में है। बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे मकान के बाहरी हिस्से से आग की लपटें निकलने लगीं। पड़ोसियों ने आग की लपटें और धुआं देखकर शोर मचाया और मदनलाल शर्मा को सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग किसी तरह मकान से बाहर निकले। आग इतनी भयंकर थी कि मकान की लॉबी, बैठक और बगल वाले कमरे तक पहुंच गई। सूचना पर झिंझाना थाने से सिपाही सोहनलाल मौके पर पहुंचा और मोहल्ले वालों के साथ आग बुझाने में लग गया। इसमें सोहनलाल का हाथ भी झुलस गया।
इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। करीब एक घंटा बाद फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची, तीन घंटे की मशक्कत करने पर आग बुझाई जा सकी। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक मदनलाल शर्मा के मकान की लॉबी में तीन मोटर साइकिलें खड़ी थीं। उनके पास ही इन्वर्टर और बैटरे रखे थे। आशंका है कि वहीं से शार्ट सर्किट के कारण आग लगी और धीरे धीरे आग की लपटों ने बाइकों को चपेट में लिया और फिर बैठक तथा कमरों तक आग पहुंच गई। कमरों की छत में लगी कड़ियां और खिड़की भी धू-धू कर जलने लगी थीं। अग्निकांड में कमरें में रखे सोफा सैट तथा फर्नीचर सहित अन्य सामान नष्ट हो गया।