शामली/कैराना। जिले में जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुई। अतिसंवेदनशील श्रेणी में कैराना क्षेत्र भी शांत रहा। संवेदनशीलता को देखते हुए जनपद के नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए आईजी लखनऊ अमित चंद्रा पहुंचे। इस दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ घंटों खुफिया इनपुट व सुरक्षा से संबंधित मामलों पर चर्चा की गई। नमाज के दौरान डीएम एसएसपी कैराना में डेरा डाले रहे। इस दौरान सभी स्थानों पर शांतिपूर्वक नमाज संपन्न होने जाने के बाद ही उच्चाधिकारी कैराना से वापस लौटे।
शहर में आरआरएफ और पुलिस के जवानों ने पैदल मार्च किया। सभी मस्जिदों पर नमाज के दौरान पुलिस तैनात रही। नगर की सभी मस्जिदों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। सभी धार्मिक स्थलों के आसपास पुलिस व पीएसी के जवानों को दंगा नियंत्रण उपकरण के साथ तैनात किया गया। इसके अलावा खुफिया विभाग व राजस्व विभाग की टीम भी क्षेत्र की हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रख उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट देते रहे। साइबर एक्सपर्ट की ओर से ईदगाह के आसपास व संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरो से भी छतों की निगरानी की गई। कहीं पर भी असामाजिक तत्वों द्वारा इकट्ठा किए गए ईट पत्थर या अन्य प्रतिबंधित सामान दिखाई नहीं दिया।
धर्म गुरुओं की अपील के बाद सभी लोग जुमे की नमाज अदा कर या तो अपने घर गए या फिर अपनी दुकानों पर पहुंचे। पूर्व की भांति जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
आईजी ने पहुंच कर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
शासन की ओर से जनपद शामली के लिए नियुक्त किए गए नोडल अधिकारी आईजी लखनऊ अमित चंद्रा दोपहर के समय कैराना पहुंचे। जहां पर कार्यालय में बैठकर घंटों कैराना में जुमे की नमाज के मद्देनजर जानकारी ली। इस दौरान आईजी ने धार्मिक स्थलों की संख्या, मस्जिदों में कितने लोग नमाज अदा कर रहे उनकी अनुमानित संख्या व पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए सुरक्षा व्यवस्था के बंदोबस्त की जानकारी ली।
डीएम एसएसपी ने भी डाला डेरा
जुमे की अजान होते ही डीएम जसजीत कौर व एसएसपी सुकीर्ति माधव सीधे कैराना पहुंचे। जहां पर दोनों अधिकारी किला गेट पुलिस चौकी कार्यालय में जाकर बैठ गए। इस दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन से जुमे की नमाज के मद्देनजर जानकारी ली गई।
देहात क्षेत्र में भी रही शांति
देहात क्षेत्र के गढ़ीपुख्ता, झिंझाना, जलालाबाद, थानाभवन, कांधला आदि में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। सभी जगह मस्जिदों पर फोर्स तैनात रहा। कहीं पैदल मार्च निकाला तो कहीं ड्रोन से निगरानी की गई। हर जगह पुलिस प्रशासन का पूरा अमला नमाज अदा होने तक सड़कों पर और मस्जिदोें के आसपास तैनात रहा।
कैराना में जुमे की नमाज पर पहुंचे डीएम जसजीत कौर व एसएसपी सुकीर्ति माधव।- फोटो : SHAMLI
शामली में दिल्ली रोड पर मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ते अकीदतमंद।- फोटो : SHAMLI
गढ़ीपुख्ता में पैदल मार्च निकालते पुलिसकर्मी।- फोटो : SHAMLI