मिलों को 31 अक्तूबर तक गन्ना भुगतान करने के निर्देश
शामली। डीएम जसजीत कौर ने बुधवार को जिले की चीनी मिल प्रबंधकों की बैठक लेकर किसानों का बकाया गन्ना भुगतान देरी से करने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने शामली, ऊन, थानाभवन चीनी मिल के प्रबंधकों को अक्तूबर माह का बकाया गन्ना भुगतान का लक्ष्य तय किया।
बैठक में डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सितंबर माह तक मिलों को बकाया गन्ना भुगतान करना था, लेकिन यह नहीं हुआ। उन्होंने सितंबर माह का अधूरा गन्ना मूल्य का भुगतान 31 अक्तूूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। चीनी मिल प्रबंधकों की ओर से 25 अक्तूबर को थानाभवन, 28 अक्तूबर को शामली और 30 अक्तूबर को ऊन मिल का पेराई सत्र चालू कराने का आश्वासन दिया गया। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान समीक्षा बैठक में एडीएम वित्त अरविंद कुमार सिंह, शामली चीनी मिल से गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप पिलानियां, ऊन चीनी मिल से गन्ना महाप्रबंधक अनिल अहलावत, थानाभवन मिल से जितेंद्र सिंह शामली गन्ना सहकारी समिति के ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक प्रेमनारायण शुक्ला, शामली गन्ना सहकारी समिति के विशेष सचिव मुकेश राठी मौजूद रहे।