कांधला। एडिशनल मजिस्ट्रेट देवेंद्र कुमार ने शुक्रवार रात कस्बे में भ्रमण कर स्ट्रीट लाइटों का निरीक्षण किया। उन्होंने पालिका प्रशासन को शीघ्र ही खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट व बंद पड़े शौचालय को सुचारु रूप से चालू करने के निर्देश दिए। कस्बे के मयूर चौराहे पर अतिक्रमण करने वाले कई दुकानदारों को अंतिम चेतावनी दी कि शीघ्र ही अपनी दुकानों के बाहर से अतिक्रमण को हटा लें, नहीं तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कस्बे के सभी लोगों को जागरूक किया जाए कि कोई भी व्यक्ति अपने घरों के बाहर पानी इकट्ठा न होने दें, पानी इकट्ठा होने से पानी में डेंगू, मलेरिया सहित अन्य बीमारी के मच्छर पैदा होते हैं, जो बीमारी को फैलाने में अपनी अहम भूमिका निभाते हैं।
धर्मस्थल में चल रहे निर्माण कार्य को पुलिस ने रुकवाया
झिंझाना। कस्बे में एक धर्मस्थल पर चल रहे व्यक्तिगत निर्माण को पुलिस ने मौके पर जाकर रुकवा दिया। जांच के बाद ही निर्माण कराने की हिदायत दी। किसी व्यक्ति ने बस स्टैंड पर स्थित मंदिर भूमिया खेड़ा में चल रहे निर्माण कार्य को अनाधिकृत बताते हुए उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी । थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शिकायत के आधार पर काम रोका गया है। जांच के बाद ही निर्माण कार्य शुरू हो पाएगा। ऊन एसडीएम मणि अरोरा ने बताया कि शिकायत मिली थी जिस पर थाना प्रभारी निरीक्षक को मौके पर भेजा गया मामले की जांच कराई जाएगी। संवाद