घायल ग्रामीण की उपचार के दौरान मौत
बाबरी। थाना क्षेत्र के गांव भाज्जू के निकट आकर किसी वाहन की चपेट में आकर साइकिल सवार ग्रामीण घायल हो गए थे। उपचार के दौरान दिल्ली अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
दो दिन पूर्व 50 वर्षीय शिवकुमार निवासी गांव मुंडभर थाना भौराकलां जिला मुजफ्फरनगर अपनी साइकिल द्वारा किसी कार्य से निकट के गांव भाज्जू जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लोगों की सूचना पर डायल 112 ने मौके पर पहुंचकर घायल को शामली के चिकित्सालय में भर्ती कराया था, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया था। मेरठ से भी हालत गंभीर होने पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया था। घायल ग्रामीण को सिर में गंभीर चोट लगने से होश नहीं आ पाया था। रविवार को दिल्ली अस्पताल में उपचार के दौरान ग्रामीण की मौत हो गई। इस सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों की तरफ से पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी है।