स्वास्थ्यकर्मियों को लगी वैक्सीन की दूसरी डोज
शामली। जिले में बृहस्पतिवार को कोरोनारोधी टीकाकरण ने रफ्तार पकड़ी है। 642 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी डोज और अग्रिम पंक्ति के 273 कर्मियों को टीके की पहली डोज लगाई गई। जिले में 84.72 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है, जो अब तक का एक दिन का सबसे अधिक है। सबसे पहले दिन 16 जनवरी को 80 प्रतिशत टीकाकरण हुआ था।
स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना रोधी वैक्सीन कोविशील्ड की दूसरी डोज का टीका लगाने के लिए छह केंद्रों पर 12 बूथ बनाए गए थे। इनमें जिला अस्पताल में तीन, सीएचसी कैराना में दो, कुड़ाना में दो, कांधला में दो, ऊन में एक और सीएचसी थानाभवन में दो बूथ बनाए गए थे। 747 स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण के लक्ष्य के सापेक्ष 642 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया, जो लक्ष्य का 85.94 प्रतिशत रहा। इसके अलावा शकुंतला अस्पताल कैराना, रेलवे अस्पताल और सीएचसी झिंझाना में एक-एक बूथ पर अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को टीके की पहली डोज लगाई गई। 333 कर्मियों के लक्ष्य के सापेक्ष 273 कर्मियों को टीका लगाया गया, जो 81.98 प्रतिशत रहा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके सागर ने बताया कि जिले में स्वास्थ्यकर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कर्मियों के टीकाकरण का प्रतिशत 84.72 रहा है। शुक्रवार को जिले में आठ बूथों पर 643 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी।
टीकाकरण की स्थिति
केंद्र - लक्ष्य -टीकाकरण
जिला अस्पताल - 176 - 150
सीएचसी कैराना - 97 - 85
सीएचसी कुड़ाना - 165- 120
सीएचसी कांधला- 110-108
सीएचसी ऊन- 117-98
शकुंतला अस्पताल कैराना-51 -19
रेलवे अस्पताल - 150 - 147
सीएचसी झिंझाना -132 - 107
केंद्र -9
बूथ - 15
लक्ष्य - 1080
टीकाकरण - 915
महिला - 448
पुरुष - 467
वॉयल खर्च - 85
प्रतिशत - 84.72