शामली। सितंबर माह में स्वास्थ्य विभाग का तीसरा मेगा कैंप सोमवार को आयोजित होगा। 97 बूथों पर 38 हजार लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है। लाभार्थियों का बूथ पर ही रजिस्ट्रेशन होगा और 18 साल से अधिक आयु के सभी लोगों को टीका लगाया जाएगा।
सरकार द्वारा कोरोनारोधी टीकाकरण ज्यादा से ज्यादा लोगों को करने के लिए हर महीने तीन मेगा कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। सितंबर महीने का तीसरा मेगा कैंप सोमवार को आयोजित होगा। स्वास्थ्य विभाग ने माइक्रोप्लान बनाकर टीकाकरण की तैयारी पूरी कर ली है। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को जिले में 80 बूथों पर 38 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। मेगा कैंप की खास बात ये है कि लाभार्थियों को बूथ पर ही रजिस्ट्रेेशन की सुविधा मिलेगी। पहले से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं कराना पड़ेगा। अगर किसी ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा रखा है तो उसे भी टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण की तैयारी पूरी कर ली गई है।
सीएमओ ने बताया कि शामली ब्लाक में जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरखंडी, शौर्य पैलेस माजरा रोड शामली, सतीवाला मंदिर, नई गऊशाला रोड, पंसारियान, ठाकुर द्वारा, आजाद चौक, मदरसा इमदादिया दिल्ली रोड शामली, रेलवे अस्पताल शामली, एचएसएस पब्लिक स्कूल घेर बुखारी शामली, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली पर टीकाकरण किया जाएगा। सीएमओ ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर कोविड-19 टीकराकरण कराने की अपील की है।