कैराना (शामली)। कस्बे में बुधवार को पानी पीने से चार युवकों की हालत बिगड़ गई। आसपास के लोग चारों को सरकारी अस्पताल ले गए जहां से एक युवक को रेफर कर दिया। वहीं पीड़ित ने पड़ोसी दुकानदार पर पानी में विषैला पदार्थ मिलाने का आरोप लगाया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
शामली रोड पर स्टेट बैंक के सामने मनी ट्रांसफर सेंटर है। सेंटर मालिक सरवर निवासी मौहम्मदपुर राई प्रतिदिन पानी का कैंपर मंगाता है। बुधवार को पानी का कैंपर सप्लाई करने वाला सरवर व उसके पड़ोसी का कैंपर दुकान के बाहर रख कर चला गया। बाद में पड़ोसी ने कैंपर उठाकर सरवर की दुकान के आगे रख दिया। दोपहर करीब एक बजे सरवर और दुकान पर आए रिजवान निवासी मोहल्ला आलखुर्द, अदनान निवासी मोहल्ला इकरामपुरा, एजाज निवासी मोहम्मदपुर राई ने पानी पीया, तो उन सभी की हालत खराब हो गई। आसपास के लोग चारों को सरकारी अस्पताल ले गए। जहां गंभीर हालत के चलते एजाज को हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं बाकी तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी।
दुकानदार सरवर ने आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की कि पड़ोसी दुकानदार ने कैंपर का ढक्कन खोल कर पानी में विषैला पदार्थ मिलाया था। जिसके बाद पुलिस दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। सरकारी अस्पताल के डॉ. विकास वर्णवाल ने बताया कि एजाज का ब्लड प्रेशर काफी अधिक हो रहा था तथा उल्टी भी आ रही थी। गंभीर हालत के चलते एजाज को रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में अभी तक तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।