कैराना में हथियारों के साथ पकड़े गए हथियार तस्कर-पुलिस
कैराना। पुलिस ने हथियार तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 10 तमंचे, 25 कारतूस, एक पिस्टल और बाइक बरामद की। हथियार सप्लायर अभी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे चेकिंग के दौरान गांव पंजीठ के पास पानीपत रोड पर बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने बाइक को रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार वापस भागने लगे।
पुलिस ने पीछा करके बाइक सवारों को पकड़ लिया। पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम सौरभ निवासी गांव मलकपुर बताया। उसके पास से 32 बोर की पिस्टल बरामद हुई। बाइक पर पीछे बैठे आरोपी ने अपना नाम समीर निवासी गांव बराला बताया। समीर के पास से पुलिस ने दो तमंचे बरामद किए।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि उनके साथी पंजीठ के जंगल में नलकूप पर बैठे हैं। पुलिस ने आरोपियों को साथ लेकर नलकूप पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से उस्मान उर्फ गोल्डी और कौशर निवासी गांव बराला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 8 तमंचे और 25 कारतूस बरामद किए।
एसपी के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अपने शाैक पूरे करने के लिए वह हथियार खरीदने और बेचने का धंधा करते हैं। वे हथियारों को गांव तितरवाड़ा निवासी आरिफ से कम दामों में खरीद कर लाते हैं तथा महंगे दामों में इधर-उधर बेच देते हैं।
एसपी ने बताया कि हथियार सप्लाई करने के आरोपी आरिफ की तलाश की जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर जिया जाएगा।